पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नजदीक आने के साथ ही प्रचार तेज हो गया है। भाजपा नेता और राज्य विधानसभा में नेता विपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने आज पुरुलिया जिले में पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं कीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा के सत्ता में आने पर किसी भी युवा को रोजगार की तलाश में राज्य छोड़कर नहीं जाना पड़ेगा।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की आर्थिक स्थिति खराब है।
भाजपा नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उत्तर दिनाजपुर जिले के हेमताबाद में एक जनसभा को संबोधित किया।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और कोलकाता में जनसभाएं कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संवैधानिक संशोधनों और परिसीमन के माध्यम से बंगाल को विभाजित करने का प्रयास कर रही है। तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने भी चुनाव रैलियों में आरोप लगाया कि भाजपा ने राज्य के लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के मोहम्मद सलीम और सुजान चक्रवर्ती ने उत्तर बंगाल में जनसभाएं कीं।
उधर, कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने भी राज्यभर में प्रचार किया।