जुलाई 30, 2026 10:41 पूर्वाह्न

printer

बिहार, गुजरात और मध्‍य प्रदेश में की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

बिहार, गुजरात और मध्‍य प्रदेश में विधानसभा के तीन निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। बिहार में बांकीपुर, गुजरात में मंजलापुर और मध्‍य प्रदेश में दतिया निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।बिहार के बांकीपुर में उपचुनाव भाजपा अध्‍यक्ष नितिन नवीन के राज्‍यसभा के लिए चुने जाने और यह सीट छोड़ने के बाद कराया जा रहा है

गुजरात में मंजलापुर विधानसभा सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सतीश पटेल को उम्‍मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने भीखाभाई रवाडी को खड़ा किया है।  चुनाव आयोग ने मतदान की शत प्रतिशत वेबकास्‍टिंग शुरू की है। इसके अवाला मतदान केन्‍द्र के बाहर मोबाइल जमा करने के काउंटर और आचार संहिता शिकायतों के लिए ऑनलाइन सी-विज‍िल केन्‍द्र स्‍थापित किए हैं। इस सीट पर भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

मध्‍य प्रदेश में दतिया सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। सभी 291 मतदान केन्‍द्रों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्‍यापक प्रबंध किए गए हैं। मतदान केन्‍द्रों की सभी गति‍विधियों पर वेबकास्टिंग के माध्‍यम से निगरानी की जा रही है।

स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष मतदान सुनिश्‍चित करने के लिए केन्‍द्रीय और राज्‍य सुरक्षा बल तथा बड़ी संख्‍या में पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। जिले की सीमा पर अंतर राज्‍यीय चौकियों पर वाहनों की जांच की जा रही है। जिला निर्वाचन आयोग ने किसी प्रकार की शिकायत और जानकारी के लिए नियंत्रण कक्ष शुरू किया है।