उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार प्रमुख के रूप में राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में श्री मोदी ने समावेशी विकास की सोच को देशव्यापी अभियान में बदल दिया है। यह अभियान सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की यात्राओं के दौरान उन्होंने बेहतर संपर्क सुविधाओं, डिजिटल प्रगति, बढ़ते अवसरों और समावेशी विकास के जरिए भारत में आए बदलाव को देखा है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सबसे बड़ी उपलब्धि 25 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालना है। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। श्री राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और शक्ति की कामना की, ताकि वे 2047 तक समावेशी, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश की सेवा करते रहें।