उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन कल से शुरू होने वाले चार दिवसीय दौरे पर असम, मेघालय, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश जाएंगे। इस दौरान उपराष्ट्रपति कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे ऐतिहासिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों का दौरा करेंगे।
पहले दिन उपराष्ट्रपति असम के गुवाहाटी स्थित गीता नगर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। गीता नगर कॉलेज को पहले कन्या महाविद्यालय के नाम से जाना जाता था। इसके बाद वे गुवाहाटी के श्रीमंत शंकरदेव स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (एसएसयूएचएस) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। सोमवार को, श्री राधाकृष्णन गुवाहाटी विश्वविद्यालय में शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे विश्वविद्यालय के कन्वेंशन सेंटर में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। फिर वे शिलांग के लिए रवाना होंगे, जहां वे सोसो थाम सभागार में एक सार्वजनिक स्वागत समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति 8 सितंबर को इम्फाल का दौरा करेंगे। वे मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और युद्ध स्मारक तथा इम्फाल के सैनिक विद्यालय का दौरा करेंगे। इसके बाद वे इटानगर के लिए रवाना होंगे। अपने दौरे के अंतिम दिन, श्री राधाकृष्णन अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र में भाग लेंगे और विधानसभा गैलरी-सह-संग्रहालय का भ्रमण करेंगे। वे न्येदार नामलो, इटानगर स्थित जवाहरलाल नेहरू राज्य संग्रहालय और श्रवण और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए डोनी पोलो मिशन विद्यालय का भी दौरा करेंगे।