उप-राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज “सेक्कीझुथा सेम्मल” वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सुख-सुविधा और समृद्धि से भरा जीवन जीने का मौका होने के बावजूद चिदंबरम पिल्लई ने खुद को समाज और देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
उप-राष्ट्रपति ने बताया कि चिदंबरम पिल्लई, जिन्हें प्यार से “कप्पलोट्टिया तमिलन” कहा जाता था, एक महान नेता थे जिन्होंने पूरे देश में स्वदेशी की भावना का प्रसार किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी स्टीम नेविगेशन कंपनी की स्थापना करके, चिदंबरम पिल्लई ने समुद्री व्यापार पर ब्रिटिश एकाधिकार को चुनौती दी और यह दिखाया कि आज़ादी और आत्मनिर्भरता की यात्रा हमारी अपनी कोशिशों से ही शुरू होनी चाहिए।
श्री राधाकृष्णन ने सभी लोगों से यह भी आग्रह किया कि वे आत्मनिर्भर, समृद्ध, मज़बूत और विकसित भारत के सपने को पूरा करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराएं।