अप्रैल 18, 2026 2:17 अपराह्न

printer

विश्व धरोहर दिवस पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

विश्व धरोहर दिवस पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत देश की सभ्यतागत गहराई, विविधता और चिरस्थायी मूल्यों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्राचीन स्मारकों और पवित्र स्थलों से लेकर जीवंत परंपराओं और पारिस्थितिक संपदाओं तक देश की विरासत, विभिन्न पीढ़ियों की सामूहिक भावना को प्रतिबिंबित करती है।

विकास भी, विरासत भी के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए उपराष्ट्रपति ने देश की अमूल्य विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ विकास हासिल करने की प्रतिबद्धता पर बल दिया। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि यह दिन हम सभी को भावी पीढ़ियों के लिए इन संपत्तियों की रक्षा और संरक्षण की साझा जिम्मेदारी की याद दिलाता है। उन्होंने विरासत की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराने और इसके महत्व के बारे में जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।