उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने दिग्गज फिल्म निर्माता, अभिनेता और पटकथा लेखक के० भाग्यराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उपराष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्री भाग्यराज ने अपनी यादगार फिल्मों, कहानी कहने की विशिष्ट शैली और उल्लेखनीय पटकथा लेखन के माध्यम से भारतीय सिनेमा में असाधारण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि नवोन्मेषी पटकथा तकनीकों और जटिल कथाओं को सरल लेकिन आकर्षक ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता ने भाग्यराज को भारत के सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखक के रूप में पहचान दिलाई। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि उन्होंने कई फिल्म निर्माताओं को प्रेरित और मार्गदर्शन किया। इससे पीढ़ियों तक सिनेमा जगत समृद्ध होता रहेगा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी अमर विरासत कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों को प्रेरित करती रहेगी।