उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। इसका सबसे अधिक असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में देखा जा रहा है। राज्य सरकार वायु गुणवत्ता में सुधार और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के लिए कई कदम उठा रही है।
दिवाली के बाद आतिशबाजी और मौसमी धुंध के कारण प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर और खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है। आज सुबह सात बजे गाजियाबाद, अलीगढ़, नोएडा और ग्रेटर नोएडा देश के दस सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल रहे। इन शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई 700 के पार पहुंच गया।
वहीं, गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदार ने बताया कि पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों को हाइब्रिड मोड में चलाने के अलावा सरकारी और निजी निर्माण कार्यों पर भी बीस नवंबर तक रोक लगा दी गई है।