अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने मतदाताओं के लिए अनिवार्य फोटो पहचान पत्र और नागरिकता प्रमाण पत्र की मांग को दोहराया है। यह मुद्दा नवंबर में होने वाले चुनावों में अमरीकी संसद पर रिपब्लिकन नियंत्रण बनाए रखने के उनके अभियान का प्रमुख एजेंडा बन गया है। ट्रम्प ने आज दक्षिण कैरोलिना के मर्टल बीच में एक रिपब्लिकन रैली के दौरान ‘सेव अमेरिका एक्ट’ पारित करने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने कहा कि इस कानून के तहत प्रत्येक मतदाता को फोटो वाला पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा और यह साबित करना होगा कि वह व्यक्ति अमरीकी नागरिक है। ट्रम्प ने कहा कि उनके प्रशासन को इस मुद्दे पर अमरीकी सर्वोच्च न्यायालय में जीत मिली है, लेकिन उन्होंने तर्क दिया कि इन आवश्यकताओं को स्थायी बनाने के लिए कानून की आवश्यकता है। राष्ट्रपति ने बार-बार डेमोक्रेट्स पर मतदाता पहचान पत्र और नागरिकता प्रमाण पत्र की आवश्यकताओं का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने रैली के दौरान अदालत के फैसले या प्रस्तावित कानून के बारे में कोई विवरण नहीं दिया।
इससे पहले, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का हवाला देते हुए भारत की चुनाव प्रणाली और मतदाता पहचान पत्र की आवश्यकताओं की प्रशंसा की।