व्यापार समझौते पर चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भारत का अपना चार दिवसीय दौरा पूरा किया। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान वस्तुओं के व्यापार, गैर-टैरिफ उपायों, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, आर्थिक सुरक्षा संरेखण और पारस्परिक हित के अन्य क्षेत्रों सहित कई मुद्दों पर रचनात्मक और सकारात्मक चर्चा की गई। मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सम्बंधों को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को पूरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
भारत और अमरीका ने 7 फरवरी को जारी एक संयुक्त वक्तव्य में पारस्परिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते के ढांचे पर सहमति व्यक्त की। इस ढांचे से भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापक व्यापार समझौते की वार्ता के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।