अमरीका ने पुष्टि की है कि वह गुरुवार को लेबनान और इस्राएल के बीच दूसरे दौर की वार्ता की मेजबानी करेगा। यह वार्ता क्षेत्रीय तनाव के बीच दोनों देशों में सीधी बातचीत बढ़ाने का प्रयास है। इस वार्ता का आयोजन अमरीकी विदेश विभाग में होगा। पिछले सप्ताह हिजबुल्लाह और इस्राएल के बीच हुए युद्धविराम के बाद यह पहली औपचारिक वार्ता होगी।
विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि संयुक्त राज्य अमरीका 14 अप्रैल को शुरू हुई इस सकारात्मक बातचीत का स्वागत करता है। पहले दौर की वार्ता में वॉशिंगटन में लेबनान की राजदूत नादा हमादेह और इस्राएली राजदूत येचिएल लीटर शामिल हुए थे। इस बैठक में अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे।
लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा है कि बेरूत इस्राएल के साथ बातचीत जारी रखेगा और कहा कि ये वार्ता न तो कमजोरी है और न ही पीछे हटने का संकेत है। हालांकि, हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने वार्ता को खारिज करते हुए इसे लेबनान सरकार द्वारा इजराइल को दी जा रही रियायतों की का हिस्सा बताया है।