अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को फिलहाल फेडरल रिजर्व की गवर्नर लीसा कुक को पद से हटाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने चार के मुकाबले पांच मतों से यह फैसला सुनाया।
कोर्ट ने कहा कि लीसा कुक को पद से हटाने से पहले उन्हें कानून के तहत निर्धारित प्रक्रिया और अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाना चाहिए था। कोर्ट ने माना कि इन प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया।
यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 1913 में फेडरल रिजर्व की स्थापना के बाद किसी भी अमरीकी राष्ट्रपति ने किसी गवर्नर को हटाने की कोशिश नहीं की थी। इस फैसले को फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
हालांकि, कोर्ट ने एक अन्य फैसले में राष्ट्रपति के अन्य सरकारी एजेंसियों के प्रमुखों को हटाने के अधिकार का दायरा बढ़ाया है। लीसा कुक ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए उन्हें खारिज किया है।