अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित सैन्य हमला टालने का फैसला किया है। राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, ईरान और पश्चिम-एशिया के कुछ देशों के अनुरोध पर बातचीत को मौका देने के लिए यह फैसला लिया गया है।
सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमरीका सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह से तैयार है, लेकिन संभावित समझौते का रास्ता खुलने के कारण हमले को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल, पूरी तरह खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर रोक की बात शामिल है। हालांकि, ईरान ने अब तक ट्रंप के इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान, जहाज़ों पर हमले नहीं रोकता और बातचीत के लिए आगे नहीं आता, तो अमेरिका अपनी सैन्य कार्रवाई तेज़ करेगा। उधर, अमरीका ने पश्चिम संघर्ष में रह रहे अपने नागरिकों से सतर्क रहने और हालात बिगड़ने की स्थिति में क्षेत्र छोड़ने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।
वहीं, ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि उस पर हमला हुआ, तो वह इज़राइल के अहम ठिकानों और पश्चिम एशिया में अमरीकी ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए तैयार है।