अमरीका ने दक्षिण चीन सागर में स्कारबोरो रीफ को राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण क्षेत्र बनाने के चीन के फैसले पर आपत्ति जताई है। अमरीकी विदेश विभाग ने कहा कि चीन का यह कदम फिलीपींस के मछुआरों को उनके पारंपरिक मछली पकड़ने वाले क्षेत्रों में जाने से रोक सकता है। अमरीका ने कहा कि वह स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए फिलीपींस के साथ खड़ा है। चीन ने पहली अगस्त को स्कारबोरो रीफ के प्रबंधन के लिए नए नियम जारी किए हैं। इन नियमों में संबंधित एजेंसियों के बीच सहयोग और निगरानी बढ़ाने की व्यवस्था की गई है। वहीं, 2016 में संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि के तहत गठित न्यायाधीशों की समिति ने कहा था कि फिलीपींस के विशेष आर्थिक क्षेत्र में समुद्री संसाधनों पर चीन के ऐतिहासिक अधिकारों का कोई कानूनी आधार नहीं है। हालांकि, चीन ने इस फैसले को स्वीकार नहीं किया है।
News On AIR | अगस्त 9, 2026 7:35 पूर्वाह्न
स्कारबोरो रीफ पर चीन के राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण क्षेत्र बनाने पर अमरीका ने जताई आपत्ति, फिलीपींस का समर्थन किया