अमरीका की सेना ने पूर्वी प्रशांत महासागर में नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में नौका पर हमला किया, जिसमें चार लोग मारे गए।
यह अभियान उन जहाजों पर हमलों की श्रृंखला में नवीनतम है, जिनके बारे में ट्रंप प्रशासन का कहना है कि वे लैटिन अमरीका जलक्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे। यह अभियान सात महीने से अधिक समय पहले शुरू हुआ था और ईरान युद्ध में सेना की व्यस्तता के बावजूद भी जारी है।
इस नवीनतम हमले में मरने वालों की संख्या 175 हो गई है। अमरीकी तटरक्षक बल ने पिछले सप्ताह हुए हमले में बचे एक व्यक्ति की तलाश रोक दी है।
सेना ने कहा कि सभी नौकाएं आतंकवादी संगठनों द्वारा संचालित थीं। खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि वे पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के मार्गों से गुजर रही थीं और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल थीं।
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीका लैटिन अमरीका में ड्रग कार्टेल के साथ सशस्त्र संघर्ष कर रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इन हमलों को अमरीका में ड्रग्स के प्रवाह और अमरीकियों की जान लेने वाले घातक ओवरडोज को रोकने के लिए एक आवश्यक कदम बताया है।