मई 15, 2026 10:43 पूर्वाह्न

printer

अमरीका: न्याय विभाग ने डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया बार के खिलाफ मुकदमा दायर किया

अमरीका के न्याय विभाग ने डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया बार के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। दायर मुकदमे डॉनल्ड ट्रम्प के प्रशासन में काम करने वाले अधिवक्‍ताओं के खिलाफ कानूनी अनुशासनात्मक प्रणाली का गलत इस्‍तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। यह मुकदमा डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया बार कार्यालय के उस अधिकार को चुनौती देता है, जो अमरीका में अधिवक्‍ताओं के लिए नैतिकता और कदाचार के मामलों की जांच करता है।

मुकदमे में मुख्य रूप से न्याय विभाग के पूर्व अधिवक्‍ता जेफरी क्लार्क का नाम शामिल है, जिन पर वर्ष 2020 के चुनाव परिणामों को पलटने के प्रयासों में शामिल होने का अरोप है। एक अनुशासनात्मक पैनल ने उनका वकालत लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की थी, लेकिन न्याय विभाग का कहना है कि यह मामला राजनीतिक रूप से प्रेरित है।

मुकदमे में ट्रम्प के वफादार और वर्तमान में क्षमादान मामलों की पैरवी करने वाले अधिवक्‍ता एड मार्टिन का भी नाम शामिल है, जिन पर अमरीका के शीर्ष संघीय अभियोजक पद पर रहते हुए जॉर्जटाउन लॉ स्कूल को उसके विविधता कार्यक्रमों के बारे में भेजे गए चेतावनी पत्र को लेकर कदाचार के आरोप हैं।

न्याय विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डीसी बार के अधिकारियों को यह तय नहीं करना चाहिए कि केन्‍द्र सरकार के अधिवक्‍ताओं ने अपने आधिकारिक कर्तव्यों या संवैधानिक जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन किया है या नहीं। विभाग का दावा है कि राष्‍ट्रपति ट्रंप से जुड़े अधिवक्‍ताओं के साथ दूसरों की तुलना में अनुचित व्यवहार किया जा रहा है।