जून 7, 2026 2:14 अपराह्न

printer

अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष के 100 दिन पूरे, क्षेत्रीय तनाव अब भी जारी

अमरीका और ईरान के बीच संघर्ष के 100 दिन पूरे हो गए हैं। फरवरी के अंत में ईरान पर अमरीका और इस्राएल के हमलों से शुरू हुआ यह संघर्ष अब एक व्यापक क्षेत्रीय संकट में बदल गया है। संघर्ष से होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित समुद्री यातायात के लिए खतरा और लेबनान में नए सिरे से तनाव बढ़ गया है। 
 
अमरीका की केंद्रीय कमान ने आज कहा कि अमरीकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के दो  हमलावर ड्रोन को मार गिराया। यह घटना शुक्रवार को शुरू हुई घटनाओं की एक श्रृंखला के बाद हुई, जिसमें अमरीकी सेना ने होर्मुज जलमार्ग में चार ईरानी ड्रोन को मार गिराया था। इसके बाद अमरीका ने गोरुक और केशम द्वीप पर ईरान के तटीय रडार और निगरानी स्थलों निशाना बनाया।
 
इससे पहले शनिवार को ईरान ने बहरीन और कुवैत की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागकर जवाबी कार्रवाई की। अमरीकी अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश मिसाइलों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्‍ट कर दिया गया। दोनो पक्षों के बीच ताजा टकराव से क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। 
 
उधर, अमरीकी अधिकारी हाल के हमलों से खाड़ी देशों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए ईरान की जाम की गई निधियों के उपयोग पर विचार कर रहे हैं। मध्यस्थता के लगातार प्रयासों के बीच नए सिरे से शुरू हुए सैन्य संघर्ष और प्रमुख क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर असहमति से बातचीत की प्रक्रिया और जटिल हो गई है। एक व्यापक शांति समझौते को लेकर अनिश्चितताएं अभी भी बनी हुई हैं।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला