मई 18, 2026 9:45 अपराह्न

printer

अमेरिकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. जितेंद्र सिंह से परमाणु क्षेत्र में निवेश अवसरों पर चर्चा की

एक उच्च स्तरीय अमरीकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने आज भारत में परमाणु क्षेत्र में निजी निवेश और उद्योग सहयोग के उभरते अवसरों के बारे में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे में अमरीकी परमाणु उद्योग के वरिष्ठ प्रतिनिधि, व्यावसायिक हितधारक और नागरिक परमाणु ऊर्जा तथा उन्नत प्रौद्योगिकियों में भारत-अमरीका सहयोग से जुड़े अधिकारी शामिल थे। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच आज विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और उभरते क्षेत्रों में मजबूत और भविष्योन्मुखी साझेदारी है। उन्होंने कहा कि अमरीका-भारत ट्रस्ट पहल के शुभारंभ ने महत्वपूर्ण और नई प्रौद्योगिकियों में सहयोग के नए रास्ते खोल दिए हैं। विकसित भारत 2047 की परिकल्पना के अंतर्गत भारत के दीर्घकालिक स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि भारत का लक्ष्य 2047 तक अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को वर्तमान 8 दशमलव 8 गीगावाट से बढ़ाकर 100 गीगावाट करना है। उन्होंने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम विनिर्माण, प्रौद्योगिकी सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण और उन्नत अनुसंधान में वैश्विक साझेदारी के लिए बड़े अवसर पैदा कर रहा है।