अमरीका ने कल राष्ट्रव्यापी समारोह के साथ अपनी स्वाधीनता की 250वीं वर्षगांठ मनाई। मौसम संबंधी बाधा के बाद वाशिंगटन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम नेशनल मॉल में फिर शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में एकत्रित हज़ारों लोगों को राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ट्रंप ने सेवानिवृत्त अमरीकी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राष्ट्र के इतिहास में इस वर्षगांठ को एक ऐतिहासिक क्षण बताया। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमरीका अपनी सेना, अर्थव्यवस्था और प्रौद्योगिकी क्षमताओं को सशक्त बनाना जारी रखेगा। उन्होंने चंद्रमा और मंगल पर भविष्य के मिशनों सहित अंतरिक्ष अन्वेषण में देश की महत्वकांक्षा की पुनः पुष्टि की।
इस समारोह के दौरान सैन्य फ्लाई पास्ट, ऐतिहासिक प्रदर्शन और नेशनल मॉल के ऊपर आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। ईस्ट कोस्ट के कई हिस्सों को प्रभावित करने वाले कठिन मौसम और लू के बावजूद न्यूयॉर्क और फिलाडेल्फिया सहित कई शहरों में स्मारक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए थे।
अमरीका ने चार जुलाई 1776 को ब्रिटेन से अपनी स्वाधीनता घोषित की। पूरे वर्ष चलने वाले कार्यक्रम के साथ अमरीका की स्वाधीनता की 250वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है।