अगस्त 9, 2026 7:52 पूर्वाह्न

printer

एच-1बी वीजा कर्मचारियों के लिए 60 दिन का अतिरिक्त समय खत्म करने की तैयारी, नौकरी जाने पर छोड़ना होगा अमरीका

अमरीका सरकार उस नियम को खत्म करने पर विचार कर रही है, जिसके तहत नौकरी जाने के बाद कुछ विदेशी कर्मचारियों को नई नौकरी खोजने के लिए 60 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाता है। फिलहाल, यह मात्र एक प्रस्ताव है, जो समीक्षा के लिए व्हाइट हाउस के प्रबंधन और बजट कार्यालय के पास है।

अगर यह बदलाव लागू होता है, तो नौकरी जाने के बाद कई एच-वन-बी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को अमरीका छोड़ना पड़ सकता है। अभी के नियम के मुताबिक, नौकरी जाने के बाद कुछ एच-वन बी कर्मचारी 60 दिन तक अमरीका में रह सकते हैं। इस दौरान वे नई नौकरी खोज सकते हैं या अमरीका में कानूनी रूप से रहने के दूसरे रास्ते तलाश सकते हैं।

इस बदलाव का असर भारतीयों पर भी पड़ सकता है। एच-वन बी वीजा धारकों में भारतीय नागरिकों की बड़ी हिस्सेदारी है। अमरीकी नागरिकता और आव्रजन सेवा के अनुसार, 2024 में मंजूर हुए एच-वन बी आवेदनों में करीब 71 फीसदी लोग भारत में जन्मे थे।

अमरीका में भारतीय मूल के 52 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। मौजूदा 60 दिन का नियम साल 2017 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य नौकरी जाने के बाद विदेशी कर्मचारियों को नई नौकरी तलाशने के लिए समय देना था। फिलहाल, 60 दिन की यह सुविधा खत्म करने का विचार मात्र सिर्फ एक प्रस्ताव है। अभी यह तय नहीं है यह सुविधा खत्म होगी या नहीं।