जून 3, 2026 5:37 अपराह्न

printer

अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा- भारत-अमरीका अंतरिम व्यापार समझौते का 99% काम पूरा हो चुका है

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि प्रस्तावित भारत-अमरीका अंतरिम व्यापार समझौते का 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। मुंबई में आज एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री गोर ने कहा कि दोनों देश बाकी बचे मुद्दों को सुलझाने में लगे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समझौता अगले कुछ हफ्तों में अंतिम रूप ले सकता है।

अमरीका का एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल इन दिनों नई दिल्ली में भारतीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर रहा है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं। भारतीय पक्ष का नेतृत्व वाणिज्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन कर रहे हैं। सर्जियो गोर कल केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से भी मुलाकात करेंगे।

श्री सर्जियो गोर ने भारत और अमरीका के रिश्तों को आधुनिक समय की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में से एक बताया।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुरू की गई ‘ट्रस्ट’ पहल का भी उल्लेख किया। इसके तहत एआई, महत्वपूर्ण खनिजों, दवाइयों और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया जा रहा है।

श्री सर्जियो गोर ने कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते से दोनों देशों के कारोबार और कामगारों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि कई बड़ी अमरीकी कंपनियां भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रही हैं। साथ ही अमरीका में इस्तेमाल होने वाली 40 प्रतिशत से अधिक जेनेरिक दवाइयां भारत से आती हैं।

अमरीका द्वारा हाल ही में लगाए गए टैरिफ के बारे में उन्होंने कहा कि यह वैश्विक व्यापार समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है और खास तौर पर भारत को ध्यान में रखकर नहीं लगाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगा।