उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- एस.एस.आर. 2027 के अंतर्गत राज्य के सभी पात्र नागरिकों का मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को राज्य के सभी एक लाख 73 हज़ार 730 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नवदीप रिणवा ने कहा कि अगले वर्ष पहली जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त अगले वर्ष ही पहली अप्रैल, पहली जुलाई और पहली अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गए सभी पात्र नागरिकों की पहचान कर फॉर्म-6 के माध्यम से उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची का प्रारूप सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसे आम लोगों की जानकारी के लिए जिला निर्वाचन की वेबसाइटों पर भी अपलोड किया जाएगा।