अक्टूबर 27, 2026 12:49 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतगणना जारी, 152 उम्मीदवार मैदान में

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीट के लिए मतगणना जारी है। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन चुनाव में 55.24 प्रतिशत  मतदान हुआ था।
 
चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी बीच मुख्‍य मुकाबला है। निर्दलीय उम्मीदवार और विभिन्न दलों के बागी प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। 
 
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी, वीडियोग्राफी और प्रवेश पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से आज शाम तक नतीजे घोषित किए जाने की उम्मीद है।
 
इन 11 सीटों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी की पांच स्नातक निर्वाचन सीटें शामिल हैं। वहीं, छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद हैं।
 
यह चुनाव मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को समाप्त होने से पहले कराया जा रहा है।