कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रबी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने का केन्द्रीय मंत्रिमंडल का निर्णय किसानों के लिए लाभकारी होगा। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देशभर के किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उच्च एमएसपी से किसानों को बेहतर लाभ मिलेगा।
श्री चौहान ने कहा कि कृषि मंत्रालय ने सभी राज्यों के अधिकारियों और मंत्रियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श और दक्षिणी, मध्य और उत्तरी क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों के बाद राज्य-विशिष्ट रबी योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे सूखे की स्थिति का सामना कर रहे राज्यों के लिए सूखा प्रतिरोधी फसलों और विशेष उपायों से संबंधित योजनाएं बनाई गई हैं। कृषि मंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे पर्याप्त जल उपलब्धता वाले राज्यों में एक गहन, उत्पादन-केंद्रित रबी रणनीति लागू की जा रही है।