नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली में मंत्रालय के अधिकारियों के साथ ‘भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन 2026’ की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह शिखर सम्मेलन राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर के बीच आयोजित किया जाना है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में देश के नेता, वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गज और राज्यों के भाग लेंगे, जिससे यह भारत के सबसे बड़े नवीकरणीय ऊर्जा कार्यक्रमों में से एक बन जाएगा।
उन्होंने देश-विदेश के सभी पेंशन फंड, सॉवरेन वेल्थ फंड, वेंचर कैपिटल, प्राइवेट इक्विटी निवेशकों और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े अन्य सभी लोगों से इस शिखर सम्मेलन में भाग लेने और स्थान बुक करने का आग्रह किया। श्री जोशी ने पवन ऊर्जा और ट्रांसमिशन समेत नवीकरणीय ऊर्जा के प्रमुख क्षेत्रों की तैयारियों का भी जायजा लिया और देश भर में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को और तेज़ी से आगे बढ़ाने के लिए ज़रूरी सहयोग पर चर्चा की।