वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सोमवार से भारतीय व्यापार जगत के नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ कनाडा के तीन दिन के दौरे पर रहेंगे। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि श्री गोयल व्यापार, निवेश और सीईपीए वार्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए ओटावा और टोरंटो में द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
इस दौरे का मुख्य केंद्र बिंदु भारत-कनाडा व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता वार्ताओं को आगे बढ़ाना है। इस वर्ष मार्च में प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के भारत दौरे के दौरान ‘टर्म्स ऑफ़ रेफरेंस’ पर हस्ताक्षर किए गए थे। वार्ताओं का पहला दौर मार्च में वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था और दूसरा दौर 8 मई को संपन्न हुआ।
इस दौरे के दौरान, वार्ताओं का एक और दौर सोमवार से शुक्रवार तक ओटावा में आयोजित किया जाएगा। दोनों पक्ष 2026 के अंत तक एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी सीईपीए को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिसका साझा लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढाकर 70 अरब कनाडाई डॉलर तक करना है।