सितम्बर 28, 2026 10:23 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एलएचएमसी और उससे संबद्ध अस्पतालों को लेकर की समीक्षा बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने आज लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज-एलएचएमसी और उससे संबद्ध अस्पतालों, सुचेता कृपलानी अस्पताल और कलावती सरन बाल अस्पताल की प्रगति की समीक्षा की। इस बैठक में स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचा, विशेष नैदानिक ​​सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि एलएचएमसी और उससे संबद्ध अस्पतालों में चल रही और आगामी परियोजनाओं की योजना रोगी-केंद्रित और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ बनाई जानी चाहिए, जिसमें चिकित्सा क्षेत्र की बदलती आवश्यकताओं को सर्वोपरि रखा जाए।

उन्होंने कहा कि योजना और डिजाइन में संबंधित क्षेत्रों के अग्रणी संस्थानों की विशेषज्ञता और सर्वोत्तम प्रथाओं का उपयोग किया जाना चाहिए, साथ ही निर्माण की उच्च गुणवत्ता और परियोजना समयसीमा की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए। मंत्री ने मंत्रालय को अनुमोदन और मंजूरी की आवश्यकता वाले मुद्दों को समय पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया और इस बात पर जोर दिया कि अवसंरचना विस्तार और नर्सों, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों की भर्ती साथ-साथ होनी चाहिए।

श्री नड्डा को इस बैठक के दौरान कलावती सरन बाल अस्पताल के चल रहे विस्तार के बारे में जानकारी दी गई। इस परियोजना के अंतर्गत अस्पताल की कुल बेड क्षमता तीन सौ 94 से बढ़ाकर आठ सौ 94, आईसीयू क्षमता 40 से बढ़ाकर दो सौ और ऑपरेशन थिएटरों की संख्या 4 से बढ़ाकर 12 करने की परिकल्पना की गई है। स्वास्थ्य मंत्री ने लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक स्किल लैब का दौरा किया।

यह लैब एक व्यापक बहु-विषयक सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण सुविधा है जो सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण में व्यावहारिक और दक्षता-आधारित शिक्षा प्रदान करती है। श्री नड्डा ने कलावती सरन बाल अस्‍पताल में हाल ही में शुरू हुए संवर्धित नवजात शिशु देखभाल केंद्र का भी दौरा किया और उपलब्ध उन्नत सुविधाओं की समीक्षा की।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला