केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवैधानिक पद पर 25 साल जिसमें विशेषकर सरकार के प्रमुख के तौर पर लगातार कार्यभार संभाले रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था में एक रिकॉर्ड है।
इस मौके पर वाराणसी के रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ को संबोधित करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले 12-13 सालों में दुनिया भर में प्रधानमंत्री मोदी के बहुआयामी व्यक्तित्व में काफी दिलचस्पी देखी गई है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के व्यक्तित्व, जीवन, नेतृत्व, गवर्नेंस मॉडल और नीतियों के विभिन्न पहलुओं पर कई लेख और किताबें लिखी गई हैं। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर काशी में ‘नमो बुक फेस्ट’ की योजना बनाई गई थी।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए काशी को चुनना भी अहम था। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और यह दुनिया के सबसे पुराने शहरों में से एक है।
नमो बुक फेस्ट’ में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, व्यक्तित्व, नेतृत्व और नीतियों से जुड़ी 500 से ज़्यादा किताबें एक ही मंच पर प्रदर्शित की गई हैं।