अगस्त 23, 2026 11:03 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नवी मुंबई के कपड़ा अपशिष्ट पुनर्चक्रण मॉडल का विस्तार महाराष्ट्र के अन्य नगर निगमों में भी करने का आह्वान किया

केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने नवी मुंबई के कपड़ा अपशिष्ट पुनर्चक्रण मॉडल का विस्तार महाराष्ट्र के अन्य नगर निगमों में भी करने का आह्वान किया है। इससे बढ़ते कपड़ा अपशिष्ट की समस्या से निपटने के साथ साथ नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। श्री सिंह ने कहा कि प्रति माह लगभग 78 टन कपड़ा अपशिष्ट एकत्र किया जाता है इसलिए इस अपशिष्ट को स्थायी संसाधनों में बदलने की आवश्यकता पर बल दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय को नवी मुंबई नगर निगम के साथ हुए समझौते के समान अन्य नगर निगमों के साथ भी समझौते करने पर विचार करना चाहिए। श्री सिंह ने सीबीडी बेलापुर स्थित कपड़ा पुनर्चक्रण सुविधा-टीआरएफ का निरीक्षण करते समय ये बात कही। इस अवसर पर नवी मुंबई नगर निगम के आयुक्त डॉ. कैलाश और उप महापौर दशरथ भगत भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि नवी मुंबई नगर निगम द्वारा विकसित मॉडल को महाराष्ट्र और मुंबई महानगर क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी के साथ विस्तारित किया जाना चाहिए।