यूक्रेनी सेना ने एक सप्ताह में दूसरी बार रूस की प्रमुख ऊफ़ा तेल रिफाइनरी पर हमला किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने आज कहा कि यूक्रेन ने मॉस्को के दक्षिण-पूर्व में रूस के पेन्ज़ा क्षेत्र में मिसाइल घटकों का विनिर्माण करने वाले एक संयंत्र पर भी हमला किया है। ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि ऊफ़ा रिफाइनरी रूस के सबसे बड़े लु्ब्रिकेंट उत्पादकों में से एक है और यूक्रेन से एक हजार किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित है। यूक्रेन ने दावा किया कि ड्रोन हमलों ने रूसी बढ़त को धीमा कर दिया है।
रूसी अधिकारियों ने हमलों की पुष्टि नहीं की। रूसी रक्षा मंत्रालय ने 16 रूसी क्षेत्रों, क्रीमिया और आज़ोव सागर और काला सागर के जलक्षेत्र में 179 यूक्रेनी ड्रोनों को रोकने की सूचना दी।