यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में रक्षा उद्योग से जुड़ी एक इकाई पर हमला किया है। इस हमले में मिसाइल निर्माण से जुड़ी कामेंस्की कंबाइन इकाई को निशाना बनाया गया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री जेलेंस्की ने इस कार्रवाई को रूस के खिलाफ यूक्रेन की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि रूस की सेना ने यूक्रेन के चार क्षेत्रों- निप्रो, विनित्सिया, झितोमिर और खमेलनित्सकी में ऊर्जा ढांचे पर हमले किए हैं।
राष्ट्रपति जेलेंस्की के अनुसार रूस ने यूक्रेन पर एक हजार नौ सौ 40 हमलावर ड्रोन, एक हजार पांच सौ 80 से अधिक निर्देशित हवाई बम और विभिन्न प्रकार की 44 मिसाइलें दागी हैं। उन्होंने यूरोपीय सहयोगी देशों से अतिरिक्त सैन्य सहायता पैकेज जल्द उपलब्ध कराने की अपील भी की। इस बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए जारी कूटनीतिक प्रयासों के बीच क्रेमलिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने कहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जेलेंस्की के साथ बातचीत की संभावना को कभी खारिज नहीं किया है।