उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम के कपाट आज दोपहर 12:05 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अन्नकूट पर्व और गोवर्धन पूजा के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर के कपाट बंद किए गए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों के बीच उनके शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयकारों के साथ नम आंखों से मां गंगा को विदाई दी।
गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल के अनुसार, उत्सव डोली आज रात मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में विश्राम करेगी और कल मुखबा पहुंचेगी। अगले छह महीने तक श्रद्धालु मुखबा स्थित मुखीमठ में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।