राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी आज से यूजीसी नेट जून 2026 परीक्षा शुरू करेगी। यह राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में इस महीने की 30 तारीख तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। यूजीसी नेट परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जाती है जो जूनियर रिसर्च फेलोशिप- जेआरएफ, सहायक प्रोफेसर पदों तथा पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता प्राप्त करना चाहते हैं।
एनटीए ने अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और परीक्षा से संबंधित सभी विवरणों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करने की सलाह दी है। एजेंसी ने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा दिवस से पहले अपनी परीक्षा तिथि, पाली, समय और अपने परीक्षा केंद्र की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए। इसके अलावा, पीडब्ल्यूडी या पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों को अपने आवंटित केंद्रों का पहले से दौरा करने की सलाह दी गई है, ताकि वे स्थान और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित हो सकें।