संयुक्त अरब अमीरात ने लेबनान में जारी संकट से प्रभावित लोगों के लिए एक नए मानवीय सहायता पैकेज की घोषणा की है। यह सहायता राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के निर्देशों के तहत घोषित की गई है।
संयुक्त अरब अमीरात सहायता एजेंसी के माध्यम से वितरित की जाने वाली इस सहायता में खाद्य सामग्री और आवश्यक राहत सामग्री शामिल है। एजेंसी लेबनान की उच्च राहत परिषद के साथ समन्वय स्थापित करेगी ताकि समय पर सहायता सुनिश्चित की जा सके और तत्काल मानवीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।
संयुक्त अरब अमीरात सहायता एजेंसी के अध्यक्ष तारिक अहमद अल अमेरी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात संकटों और आपदाओं के दौरान त्वरित मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रभावित समुदायों को भोजन, दवा, कपड़े और आश्रय जैसी आवश्यक चीजों तक पहुंच सुनिश्चित करती है, साथ ही शीघ्र पुनर्वास प्रयासों में भी योगदान देती है।
संयुक्त अरब अमीरात में लेबनान के राजदूत, तारिक हसन मुनयमीना ने लेबनान के साथ निरंतर एकजुटता दिखाने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के नेतृत्व, सरकार और लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा संयुक्त अरब अमीरात शांति, स्थिरता, विकास और समृद्धि का समर्थन करते हुए देश की तत्काल मानवीय ज़रूरतों को पूरा कर लगातार लेबनानी जनता के साथ खड़ा रहा है।
यह नवीनतम सहायता लेबनान के लिए संयुक्त अरब अमीरात के मानवीय और विकासात्मक समर्थन के लंबे इतिहास में एक और अध्याय जोड़ती है जिसमें पिछले संकटों के दौरान शुरू किया गया “यूएई लेबनान के साथ खड़ा है” अभियान भी शामिल है।
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब संयुक्त अरब अमीरात ने लेबनान की यात्रा पर लगे प्रतिबंधों में ढील दी है। 7 जुलाई, 2026 से, संयुक्त अरब अमीरात के नागरिकों को कई वर्षों बाद लेबनान की यात्रा करने की अनुमति दी गई है बशर्ते विदेश मंत्रालय की त्वाजुदी सेवा के माध्यम से अनिवार्य पंजीकरण और आधिकारिक यात्रा दिशानिर्देशों का पालन किया जाए। यह कदम द्विपक्षीय संबंधों में सुधार को दर्शाता है और साथ ही अमीरात के यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।