अगस्त 9, 2026 2:15 अपराह्न

printer

तूफान डॉल्फिन के चलते शंघाई में 1300 से अधिक उड़ानें रद्द, तीन लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

चीन में तूफान डॉल्फिन के मद्देनजर देश में तैयारी के चलते शंघाई के दोनों हवाई अड्डों पर 1300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं और अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्रों से 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। तूफान के बाहरी हिस्से ने कल राजधानी ताइपे सहित उत्तरी ताइवान को प्रभावित किया और उन क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई।  ताइवान के कुछ एयरलाइनों ने भी चीन जाने वाली अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की गति आज सुबह तक लगभग 162 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई थी। इससे तेज बारिश हो रही है, जिससे भीषण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है और इसके झेचियांग प्रांत और पड़ोसी फुचियान प्रांत के उत्तरी हिस्सों को प्रभावित करने की आशंका है। अधिकारियों ने झेचियांग में भीषण भूस्खलन के खतरे की चेतावनी जारी की है। शंघाई के हॉंग्छयाओ और पुडोंग हवाई अड्डों ने भी लगभग 60 प्रतिशत अपेक्षित उड़ानें रद्द कर दीं।
 
झेचियांग में अधिकारियों ने कल ताइझो शहर से लगभग 3 लाख 90 हजार लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला