अगस्त 7, 2026 7:33 अपराह्न | BRICS

printer

भोपाल में दो दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव का समापन

भोपाल में 5 अगस्त से जारी ब्रिक्स कल्चर ट्रैक-2026 के कार्यक्रमों के क्रम में आज दो दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव का समापन हो रहा है। समापन समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संस्कृति विभिन्न देशों और समाजों को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने में ब्रिक्स कल्चर ट्रैक की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। साथ ही मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों का उल्लेख करते हुए राज्य की सांस्कृतिक पहचान और वैश्विक महत्व को रेखांकित किया।

    कार्यक्रम में संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल सहित ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री और प्रतिनिधिमंडलों के सदस्य भी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न देशों के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू हुईं, जिनमें लोकनृत्य, पारंपरिक संगीत और लोककलाओं के माध्यम से प्रत्येक देश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहा है।