अगस्त 3, 2026 2:22 अपराह्न

printer

अमरीका और ईरान के बीच आज अगले दौर की शांति वार्ता संभावित

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत आज होगी। यह बातचीत मध्यस्थों के ज़रिए होने की उम्मीद है। एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए राष्‍ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की कि बातचीत के रास्ते खुले हैं। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर और ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत के कारण ही उन्होंने उस बड़े हमले को रोक दिया। इस हमले की योजना पहले से बनाई गई थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य के प्रबंधन को लेकर कोई समझौता हो सकता है। साथ ही उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ईरान के परमाणु-निरस्त्रीकरण को लेकर भी समझौता किया जाएगा।

कूटनीति की ओर यह अचानक झुकाव ऐसे समय में आया है जब मध्यस्थ अमरीका और ईरान के बीच एक सक्रिय ढांचे को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं। इस्राएली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्रीय मध्यस्थ पिछले महीने हस्ताक्षरित एक समझौता ज्ञापन को फिर से लागू करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि रणनीतिक जलमार्ग 60 दिनों तक बिना किसी शुल्क के खुला रहे।

इसी तरह, ईरान के सरकारी मीडिया ने संकेत दिया कि समुद्री गलियारे के संचालन के लिए एक संयुक्त कार्यप्रणाली को लेकर ईरान और ओमान के बीच बातचीत अंतिम चरण में है।

इससे पहले, अलग-अलग व्याख्याओं के कारण शुरुआती ढांचा विफल हो गया था। राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह रास्ता हमेशा खुला रहेगा, जबकि ईरान का मानना ​​है कि समझौते के अंतर्गत व्यापार मार्ग पर उसका संप्रभु नियंत्रण बना रहेगा।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला