केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद से त्रिपुरा और नई दिल्ली के बीच की दूरी काफी कम हो गई है। उन्होंने बताया कि बेहतर सम्पर्क के कारण पूर्वोत्तर क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। आज अगरतला के राजकीय अतिथि गृह में समाज कल्याण और सामाजिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से सम्पर्क को मजबूत करने, बुनियादी ढांचे में सुधार करने और पूर्वोत्तर के समग्र विकास में तेजी लाने के लिए समर्पित रूप से काम कर रही है।
बेहतर संचार व्यवस्था ने त्रिपुरा के युवाओं को देश के अन्य हिस्सों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से परिचित होने में सक्षम बनाया है, जिससे उनके बौद्धिक विकास में योगदान मिला है।