पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर त्रिपुरा गौसिया समिति ने आज त्रिपुरा में एक भव्य धार्मिक जुलूस का आयोजन किया।
जुलूस इंद्रनगर गौसिया समिति परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरा। विभिन्न क्षेत्रों से मुस्लिम पुरुष और महिलाएं जुलूस में शामिल होने से पहले गौसिया समिति परिसर में एकत्रित हुए।
इस अवसर के महत्व को लेकर गौसिया समिति के प्रवक्ता नजरुल इस्लाम ने कहा कि पैगंबर मुहम्मद ने विश्व भर में शांति का संदेश फैलाया था। उन्होंने कहा कि यह जुलूस पैगंबर के शांति और सद्भाव के संदेश को फैलाने के लिए आयोजित किया गया था।
उन्होंने सभी समुदायों और धर्मों के लोगों से जश्न-ए-जुलूस में एक साथ भाग लेने और सांप्रदायिक सद्भाव तथा एकता को बढ़ावा देने की अपील की।