ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली में आज दोपहर 2 बजे से रात 8:30 तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात में बदलाव और आवाजाही नियंत्रित रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और प्रेस एन्क्लेव रोड समेत कई प्रमुख मार्ग प्रभावित रहेंगे।
इन मार्गों से जुड़ी सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और गंतव्य तक पहुंचने के लिए सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों की आवाजाही को प्राथमिकता दी जाएगी। इस बीच, दिल्ली मेट्रो ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक सभी मेट्रो स्टेशन खुले रहेंगे और सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। यात्रियों को ताजा जानकारी के लिए डीएमआरसी की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप देखने की सलाह दी गई है।