सऊदी अरब में वार्षिक हज यात्रा में आज अराफ़ात का दिन है। इसे सबसे पवित्र और महत्वपूर्ण दिन माना जाता है। दुनिया भर से 15 लाख से ज़्यादा मुसलमान मिना से अराफ़ात पहुँच गए हैं। जुल-हिज्जा के नौवें दिन आज नमाज़ पढकर ईश्वर से माफ़ी और रहमत मांगी जाती है। हज के मुख्य रीति-रिवाजों से पहले, सोमवार को ही तीर्थयात्री मिना पहुँचना शुरू हो गए थे।
सऊदी अरब में मौजूद भारतीय अधिकारियों ने बताया है कि इस साल हज करने वाले एक लाख 75 हज़ार से ज़्यादा भारतीय जायरीन के लिए व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत, फ़हद अहमद खान सूरी ने कहा कि मक्का में मौजूद भारतीय हज मिशन, सऊदी अधिकारियों के सहयोग से जायरीन के लिए रहने, आने-जाने, सामान संभालने और मेडिकल सेवाओं का समन्वय कर रहा है। उन्होंने बताया कि यह मिशन, सऊदी अरब के हज और उमरा, विदेश मामले, गृह और स्वास्थ्य मंत्रालयों के साथ-साथ सुविधाओं का प्रबंधन करने वाली सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
भारत का हज कोटा पिछले साल की तरह ही 1 लाख 75 हज़ार 25 तीर्थयात्रियों पर अपरिवर्तित बना हुआ है। इनमें से 1 लाख 22 हज़ार 518 तीर्थयात्री ‘हज कमेटी ऑफ़ इंडिया’ के ज़रिए यात्रा कर रहे हैं, जबकि 52 हज़ार 507 तीर्थयात्री निजी टूर ऑपरेटरों के ज़रिए यह यात्रा कर रहे हैं।