केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केरलम के भविष्य के लिए ‘नीली अर्थव्यवस्था में बहुत संभावनाएं हैं और सहकारी क्षेत्र को इसका लाभ उठाना चाहिए। श्री शाह ने केरलम के कुंदरा में आज भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ के अंतर्गत शी-मार्ट पहल कई विकास योजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही लोग केंद्र में सहकारिता मंत्रालय की मांग करते रहे हैं। नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद इस दिशा में कदम उठाए गए, जो किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुए।
श्री शाह ने कहा कि ‘शी मार्ट’ कॉन्सेप्ट महिला उद्यमियों को बाज़ार से जुड़ने के लिए बेहतरीन मंच देगा। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ 25 हजार से ज़्यादा रिटेल आउटलेट खोलेगा। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार केरलम में अपनी सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को शुरू कर रही है।
श्री अमित शाह ने सहकारी क्षेत्र के उत्पादों वाले मंडप का भी दौरा किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी, राज्य सरकार के मंत्री एम. लिजू, पी. सी. विष्णुनाथ, सांसद एन. के. प्रेमचंद्रन, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक राजीव चंद्रशेखर और अन्य लोग शामिल हुए।