अगस्त 17, 2026 7:35 अपराह्न

printer

विश्व बैंक ने पाकिस्तान सरकार के निर्णय पर गंभीर चिंता व्यक्त की

विश्व बैंक ने पाकिस्‍तान में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए आवास कार्यक्रम से संबंधित आवंटित धनराशि को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के पाकिस्तान सरकार के निर्णय पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। पाकिस्तान की मीडिया की खबरों के अनुसार, विश्‍व बैंक ने चेतावनी दी है कि बलूचिस्तान में अरबों रुपये के आवास कार्यक्रम की धनराशि को ढांचागत परियोजनाओं में स्थानांतरित करने से प्रांत में गरीबी और भी बढ़ सकती है। यह कार्यक्रम बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित और अधिक टिकाऊ घर उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया था।
 
विश्‍व बैंक का कहना है कि पाकिस्‍तान सरकार के इस कदम से एक लाख 19 हजार से अधिक सत्यापित और पात्र परिवार वित्तीय सहायता से वंचित रह सकते हैं। विश्व बैंक की कंट्री डायरेक्टर बोलोरोमा आमगाबाजार ने कार्यक्रम से संबंधित धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार और शिकायतों के निपटान पर भी चिंता व्यक्त की है।
 
बैंक के अनुसार, पात्र लाभार्थियों में से 84 प्रतिशत अति गरीब और कमजोर वर्ग के हैं, जिनमें से कई की मासिक आय 70 डॉलर से भी कम है।
 
विश्व बैंक ने पाकिस्‍तान और बलूचिस्तान सरकारों से आग्रह किया है कि वे कार्यक्रम से वंचित लोगों को व्यक्तिगत रूप से सूचित करें और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक पारदर्शी प्रक्रिया तैयार करना सुनिश्चित करें। 
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला