मई 31, 2026 9:35 पूर्वाह्न

printer

डब्ल्यूएचओ महानिदेशक ने कांगो और युगांडा की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला के प्रकोप के कारण यात्रा प्रतिबंध लगाने तथा सीमाएं सील करने वाले देशों से अपने इन फैसलों पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि इस तरह के कदमों से प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों में रुकावट आ सकती है। पूर्वी कांगो के बुनिया में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के प्रतिबंध बीमारी के नियंत्रण को और अधिक चुनौतीपूर्ण बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम पारदर्शिता और आपसी विश्वास को भी कमजोर करते हैं। श्री टेड्रोस ने कहा कि उनकी बुनिया यात्रा का उद्देश्य प्रभावित समुदायों के साथ सीधे जुड़ना और सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में राहत प्रयासों के लिए समर्थन को प्रगाढ़ करना है।
 
कांगो में स्वास्थ्य अधिकारियों ने इबोला के 900 से अधिक संदिग्ध मामलों और 220 से अधिक संदिग्ध मौतों की जानकारी दी है। दूसरी ओर पड़ोसी देश युगांडा की राजधानी कंपाला में नए संक्रमण सहित कुल नौ मामलों की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रकोप इबोला के बुंडीबुग्यो स्ट्रेन से संबंधित है। इसके लिए फिलहाल कोई स्वीकृत टीका और विशेष उपचार उपलब्ध नहीं है। हालांकि, अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा देखभाल मिले, तो वे पूरी तरह ठीक हो सकते हैं।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला