मई 28, 2026 8:02 पूर्वाह्न

printer

भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकियां बनाने और फेंसिंग करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने बीएसएफ को सौंपी 142.79 एकड़ जमीन

पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकियां स्थापित करने और कांटेदार तार की बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल को 142.79 एकड़ जमीन सौंप दी है। यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी सरकार के 11 मई को हुई पहली मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए उस निर्णय का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत सीमा पर बाड़ लगाने और संबंधित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 45 दिन के भीतर 600 एकड़ जमीन हस्तांतरित की जानी थी।

सोशल मीडिया पोस्ट में मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमा सुरक्षा बल चौकियों और कांटेदार तार की बाड़ के निर्माण को सुविधाजनक बनाकर सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए गहन उपाय शुरू किए हैं, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और बढ़ेगी। उन्होंने नौ जिलों में बल को हस्तांतरित की गई जमीन का विस्तृत चार्ट भी साझा किया।

इसके पहले चरण में पांच जिलों में खरीदी गई 43 एकड़ जमीन और निहित 31.9 एकड़ जमीन के लिए स्वीकृति आदेश 20 मई को बल को सौंप दिए गए। पश्चिम बंगाल की बांग्लादेश के साथ 2 हजार 217 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो भारत के साथ लगती सबसे लंबी सीमा है। श्री अधिकारी के अनुसार, राज्य में सीमा के लगभग 1 हजार 600 किलोमीटर हिस्से पर बाड़ लगाई जा चुकी है, जबकि लगभग 600 किलोमीटर हिस्सा अभी भी बिना बाड़ के है।