अगस्त 11, 2026 6:13 अपराह्न

printer

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने चंद्र बेस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इसरो को किया आमंत्रित

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को अपने चंद्र बेस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। ये आमंत्रण आर्टेमिस समझौते के तहत दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करता है। भारत और अमरीका ने समझौते के तहत खुले वैज्ञानिक डेटा को साझा करने पर सहयोग के लिए चर्चा को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। भारत-अमरीका नागरिक अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की नौवीं बैठक 5 और 6 अगस्त को बेंगलुरु स्थित इसरो के मुख्यालय में आयोजित की गई थी। इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने द्विपक्षीय अंतरिक्ष सहयोग को और मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस बैठक से भारत और अमरीका की पहल ट्रस्ट के तहत नागरिक और वाणिज्यिक अंतरिक्ष सहयोग को बढ़ावा मिला है।

दोनों पक्षों ने पिछले वर्ष नासा और इसरो के संयुक्त सिंथेटिक एपर्चर रडार मिशन की सफलता के बाद, आपसी सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में विज्ञान और मानव अंतरिक्ष उड़ान प्रौद्योगिकी सहयोग को भी आगे बढ़ाने पर चर्चा की थी। उन्होंने बाह्य अंतरिक्ष गतिविधियों की दीर्घकालिक स्थिरता पर संयुक्त राष्ट्र की शांतिपूर्ण उपयोग समिति के दिशानिर्देशों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने समिति की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए चल रहे बहुपक्षीय प्रयासों की भी समीक्षा की।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला