अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया है, जिनमें दावा किया गया था कि ईरान के साथ प्रस्तावित समझौते में परमाणु मुद्दों को शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि समझौते में स्पष्ट रूप से प्रावधान है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही यह भी कहा कि अमरीका, ईरान के उच्च समृद्ध यूरेनियम भंडार को अपने नियंत्रण में लेकर नष्ट कर देगा।
वहीं, ईरान ने कहा है कि उसके परमाणु कार्यक्रम पर फिलहाल चर्चा नहीं हो रही है और किसी भी समझौते में आर्थिक प्रावधान शामिल होना जरूरी है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा है कि ईरान अपने अधिकारों की सुरक्षा के बिना किसी समझौते को मंजूरी नहीं देगा।
इस बीच, दोनों देशों के बीच वार्ता जारी है, लेकिन कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मतभेद अब भी बने हुए हैं।