अमरीका ने ईरान पर लगभग दो सप्ताह तक बमबारी के बाद हवाई हमले रोक दिए हैं। संघर्ष रोकने के लिए राजनयिक प्रयास तेज हो गए हैं। इससे पहले, ईरान ने बताया कि रात भर कोई महत्वपूर्ण सैन्य गतिविधि नहीं हुई। इस घटनाक्रम से तनाव कम होने की उम्मीद हैं, हालांकि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता हुसैन करमानपुर ने सोशल मीडिया पोस्ट पर सैन्य कार्रवाई में विराम की पुष्टि की। हालांकि, ईरान के पड़ोसी खाड़ी देशों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं। सऊदी अरब के अधिकारियों ने लाल सागर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण तेल अवसंरचना केंद्र वाले यानबू और जिजान प्रांत में चेतावनी सायरन बजाए।
बहरीन में भी आज सुबह एहतियात के तौर पर मिसाइल चेतावनी अलार्म बजाए गए। स्थानीय अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।