केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज एक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रूप से पद पर बने रहने पर बधाई दी है। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रस्ताव में श्री मोदी द्वारा निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की निरंतर सेवा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर चर्चा की गई।
श्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने आज 2 हजार 169 करोड़ रुपये की लागत से अहमदाबाद मेट्रो के चरण टू-ए के विस्तार को मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि इसमें पांच स्टेशन वाला छह किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर भी शामिल है। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल ने आंध्र प्रदेश के अमरावती में केंद्रीय सरकारी कार्यालय परिसर और केंद्रीय सरकारी आवासीय परिसर को भी मंजूरी दी।