यूनाइटेड कश्मीर पीपुल्स नेशनल पार्टी (यू.के.पी.एन.पी.) ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में बिगड़ती मानवाधिकार स्थिति पर तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
यू.के.पी.एन.पी के अध्यक्ष सरदार शौकत अली कश्मीरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कई बैठकें कीं। प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान से अपने अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दायित्वों का पालन करने और नागरिकों के खिलाफ बल प्रयोग बंद करने का आह्वान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने गैरकानूनी रूप से हिरासत में लिए गए लोगों की रिहाई, अधिकृत क्षेत्र में इंटरनेट और दूरसंचार सेवाओं की बहाली, कर्फ्यू हटाने और अंतरराष्ट्रीय मीडिया तथा मानवाधिकार संगठनों को स्थिति का आकलन करने के लिए निर्बाध पहुंच की भी मांग की।
यह बयान पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में जारी अशांति के बीच आया है, जहां पिछले चार दिनों में पाकिस्तानी सेना ने बुनियादी अधिकारों की मांग कर रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर क्रूर कार्रवाई की, जिसमें 50 से अधिक लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हो गये।